केकड़ी, 26 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नवजीवन होम सेवा संस्थान नशा मुक्ति व पुनर्वास केन्द्र पर शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था अध्यक्ष ऋषिराज शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष ऋषिराज शर्मा ने नशे से समाज पर पड़ रहे घातक प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा व स्कूल के बच्चे हमारे समाज की नींव हैं, लेकिन दुर्भाग्य से आज सबसे ज्यादा युवा ही नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को इस बुराई से बचाना व लोगों को नशे के प्रति जागरूक करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नशा मुक्त रहने व रखने की ली शपथ: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नशा मुक्त रहने व समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्त रखने का दृढ़ संकल्प लेते हुए सामूहिक रूप से शपथ ली। इस अवसर पर अतिथि के रूप में त्रिलोक चन्द जांगिड़ व जीवराज वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था स्टाफ दीपक साहू, लतीफ खान, कुणाल, प्रियंका राठौड़, दीपक वर्मा, नीरज, ऋतिक व धर्मराज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन स्टाफ साथी प्रमोद कीर ने किया।


