केकड़ी, 07 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी एवं डी डी नेत्र फाउंडेशन कोटा के तत्वावधान में बुधवार को जयपुर रोड स्थित लायंस भवन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वर्गीय राधामोहन गुप्ता की पुण्य स्मृति में समाजसेवी एवं भामाशाह एस.के. गुप्ता व विजयलक्ष्मी गुप्ता (जयपुर) के सौजन्य से लगाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. बृजेश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर दुनिया में कोई दूसरा धर्म नहीं है। किसी जरूरतमंद की सेवा करना साक्षात राम नाम का जप करने के समान पुण्यदायी है।

लायंस क्लब का जताया आभार: विशिष्ट अतिथि भामाशाह एस.के. गुप्ता ने लायंस क्लब का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सेवा के इस प्रकल्प से जुड़कर पुण्य अर्जन का अवसर मिला। लियो क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन कविता मिंडा (मंदसौर) ने अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि लायंस क्लब केकड़ी द्वारा हर माह नियमित रूप से आंखों के ऑपरेशन कैंप लगाना एक महान कार्य है। उन्होंने क्लब के सदस्यों की ऊर्जा व सेवा भावना की सराहना की।

नि:शुल्क मिलेगी सभी सुविधाएं: शिविर के दौरान डॉ. निखिल पाराशर एवं उनके सहयोगी चिकित्सकों ने 152 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की तथा 64 रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया। चयनित सभी रोगियों को बुधवार शाम को ही विशेष बस द्वारा डी डी नेत्र फाउंडेशन कोटा के लिए रवाना किया गया। इन सभी का 8 जनवरी को कोटा में ऑपरेशन होगा। मरीजों के कोटा आने-जाने, भोजन, आवास व ऑपरेशन के पश्चात चश्मा वितरण का संपूर्ण खर्च भामाशाह एवं क्लब द्वारा वहन किया जाएगा। इस दौरान डॉ. रामेश्वर चौधरी द्वारा 44 रोगियों का फिजियोथेरेपी के माध्यम से उपचार किया गया।


