Site icon Aditya News Network – Kekri News

भक्ति व उल्लास के साथ मनाया श्रीराम जन्मोत्सव; सामूहिक विवाह सम्मेलन से दिया समाज की एकता व फिजूलखर्ची पर रोक का संदेश

केकड़ी: रामनवमी पर तेलियान समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में सजाई गई रामदरबार की आकर्षक झांकी।

केकड़ी, 26 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नववर्ष 2083 एवं रामनवमी के पावन पर्व पर तेलियान समाज (बड़ा धड़ा) द्वारा नौ दिवसीय अखंड नव रामायण पाठ व भव्य श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में दो नवयुगल जोड़ों सहित तुलसी-शालिग्राम का पाणिग्रहण संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। मीडिया प्रभारी सुरेश जेतवाल ने बताया कि महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रभु श्रीराम दरबार, तुलसी-शालिग्राम व नवविवाहित जोड़ों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जुलूस में सबसे आगे भगवा पताका लिए अश्व पर सवार समाजजन चल रहे थे। बैंड-बाजे व ढोल की थाप पर नवयुवक मंडल व महिला मंडल के सदस्य प्रभु श्रीराम के भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा में अश्व रथ पर सवार नवविवाहित वर-वधू व श्रीराम लला की आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यह जुलूस श्री 1008 श्री सीताराम जी महाराज तेलियान मंदिर से प्रारंभ होकर अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार व खिड़की गेट होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर महाआरती के साथ संपन्न हुआ।

केकड़ी: रामनवमी पर तेलियान समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में शामिल समाजबंधु।

वैदिक रीति से संपन्न हुआ पाणिग्रहण संस्कार: विवाह सम्मेलन में यज्ञाचार्य पंडित राधाशरण शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह व 2 नव दम्पतियों का विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में मुख्य कुंड पर बैठकर नौरतमल-सीता देवी बाथरा ने हवन वेदी पर कन्यादान का पुण्य लाभ उठाया। समाज के वयोवृद्ध व सक्रिय सदस्यों ने नवयुगलों को आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की मंगल कामना की। समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाज अध्यक्ष नौरतमल मंगलुंडिया ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलनों से फिजूलखर्ची कम होती है व ये आयोजन समाज की एकता का प्रतीक हैं। संरक्षक छीतरमल जेतवाल ने भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया। इस अवसर पर विशेष सहयोग देने वाले दानदाताओं व कार्यकर्ताओं को साफा बांधकर व राम दरबार की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

वर-वधू को दिए उपहार: सम्मेलन कमेटी द्वारा वर-वधू को सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब, अंगूठी, बिछिया सहित पलंग, अलमारी, कुर्सी-मेज व 21 बर्तन भेंट किए गए। समाज बंधुओं ने भी स्वेच्छा से अनेक उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में आशीर्वाद समारोह व विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों समाज बंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर संरक्षक छीतर मल जेतवाल, अध्यक्ष नौरत मल मंगलुंडिया , मंत्री गोपाल लाल जेतवाल, कोषाध्यक्ष चांदमल राबडिया, किशनलाल मंगलुंडिया, प्रहलाद जेतवाल, बजरंग लाल गैरोटिया, बाबूलाल पंडियार, शिवदयाल नागर, कन्हैया गेरोटिया, घीसालाल मंगलुंडिया, बजरंग पंडियार, सांवर लाल गुलानिया सहित नवयुवक मंडल के भैरुलाल साहू, सीताराम सिनोतिया, महावीर साहू, अंकित साहू, कन्हैया लाल जेतवाल, पार्षद सुरेश साहू, विष्णु जेतवाल, बाबूलाल जेतवाल, अंकित साहू, हनुमान बाथरा, मुकेश जेतवाल, राजू जेतवाल, राजेंद्र साहू, गिरधारी गुलानिया, पिंटू आसरवां सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Exit mobile version