केकड़ी, 16 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में युवा आधारित कार्यक्रमों के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में लसाड़िया मंडल में युवा खेल स्पर्धा के अंतर्गत कबड्डी एवं रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लसाड़िया की टीम विजेता रही। स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ रस्साकसी में भी खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, टीम भावना व सामूहिक प्रयास का शानदार नजारा पेश किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं खेलप्रेमियों ने ताली बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेलों के महत्व पर डाला प्रकाश: कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सत्यनारायण चौधरी ने खिलाड़ियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व, अनुशासन, संगठन भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा उनमें खेल भावना, शारीरिक दक्षता व संगठनात्मक क्षमता का विकास करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं व कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

