Homeखेलकूदसिक्स इंडियन ने जीता यमुना प्रीमियर लीग सीजन-8 का खिताब, रोमांचक फाइनल...

सिक्स इंडियन ने जीता यमुना प्रीमियर लीग सीजन-8 का खिताब, रोमांचक फाइनल में सेवन स्टार को 4 विकेट से हराया, अतुल सैनी बने ‘मैन ऑफ द सीरीज’

केकड़ी, 15 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यमुना विहार के बॉक्स क्रिकेट इनडोर स्टेडियम में दुधिया रोशनी के बीच आयोजित यमुना प्रीमियर लीग (YPL) सीजन-8क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार की रात धूमधाम से समापन हो गया। इस बार टूर्नामेंट को सिक्स इंडियनके रूप में नया चैंपियन मिला है। सिक्स इंडियन ने पिछली तीन बार की लगातार विजेता रही सेवन स्टारकी टीम को बेहद रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराकर पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। डे-नाईट मैचों की इस प्रतियोगिता का खेल प्रेमियों ने जमकर लुत्फ उठाया। टूर्नामेंट के समापन समारोह में व्यवसायी नितेश पाण्डे मुख्य अतिथि एवं व्यवसायी अभिषेक जैन, सत्यनारायण चौधरी व चंद्रकांता सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रतियोगिता संयोजक रघुवीर प्रसाद सैनी ने की।

पुरस्कारों से नवाजा: अतिथियों ने विजेता सिक्स इंडियन टीम को 11 हजार रुपए नकद, वाईपीएल कप व सभी खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल, उपविजेता सेवन स्टार को 51 सौ रुपए नकद, वाईपीएल कप व सभी खिलाड़ियों को सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में अतुल सैनी को मैन ऑफ द सीरीज व ऑरेंज कैप (बेस्ट बैट्समैन), हरिसिंह को पर्पल कैप (बेस्ट बॉलर) एवं मनोज प्रजापत को फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। प्रतियोगिता में निष्पक्ष अंपायरिंग के लिए मनोज कुमावत, मोहम्मद सईद, संजय वैष्णव व कैलाश वैष्णव को सम्मानित किया गया। वहीं सहसंयोजक मनोज कुमावत को स्पेशल अवार्ड दिया गया। इसके अलावा आयोजन में सहयोग के लिए सत्यनारायण चौधरी, चंद्रकांत कुमावत, विकास अमरवाल, आदित्य वैष्णव, अंकित साहू व रेहान मंसूरी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मनोज प्रजापत की आतिशी पारी पर भारी पड़ी अतुल व अर्पित की जुगलबंदी: फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेवन स्टार की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में मनोज प्रजापत के नाबाद 61 रनों की बदौलत 81 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिक्स इंडियन की टीम ने अतुल सैनी (35 रन) व अर्पित दाधीच (38 रन) की धुआंधार पारियों की बदौलत मैच पर पकड़ बना ली। अंत में बादल बराला ने शानदार छक्का मारकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। सिक्स इंडियन के आशाराम कुमावत व आशीष सैनी ने भी अपनी नपी-तुली गेंदबाजी से सबका दिल जीता।

सेमीफाइनल व क्वार्टरफाइनल का सफर: इससे पहले खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में सेवन स्टार ने विद्या आश्रम को 12 रन से, मीणा रॉयल्स ने वायु स्ट्राइकर्स को 19 रन से, सिक्स इंडियन ने स्टार स्ट्राइकर्स को 34 रन से व पारेश्वर योद्धा ने ओल्ड सिटी को 11 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबलों में सेवन स्टार ने मीणा रॉयल्स को 75 रन से (मैन ऑफ द मैच: हरि सिंह) व सिक्स इंडियन ने पारेश्वर योद्धा को 5 विकेट से (मैन ऑफ द मैच: अतुल सैनी) हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।

RELATED ARTICLES