केकड़ी, 04 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): हार्दिक मेमोरियल संस्थान व हार्दिक स्पोर्ट्स एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में काजीपुरा स्थित पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गत 2 फरवरी से चल रही राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी थे। वही विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलडी संस्थान के निदेशक चंद्रप्रकाश दुबे, भाजपा पार्षद मनोज कुमावत, अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक सत्यनारायण चौधरी, सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक अखिलेश अग्रवाल व समाजसेवी घनश्याम सिंघल ने शिरकत की। अध्यक्षता इंजीनियर मनीष अग्रवाल ने की। अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी ने संस्थान द्वारा बच्चों की प्रतिभा को निखारने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच देने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने व केकड़ी को राष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

ये रहे विजेता: बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में अंडर 15 वर्ष में अमन गुर्जर और मनीष चौधरी के बीच हुए मुकाबले में मनीष चौधरी ने अमन गुर्जर को 8 अंकों से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। हिमांश मनचंदा तृतीय स्थान पर रहे। अंडर 19 वर्ष और 35 वर्ष के फाइनल मुकाबले खबर लिखे जाने तक जारी रहे। 19 वर्ष में दीपेश मूलचंदानी और 35 वर्ष में रोहित चौधरी तृतीय स्थान पर रहे। 30 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में पारस आडवाणी प्रथम, संजय चौधरी द्वितीय व अमित गौड़ तृतीय स्थान पर रहे। 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में वेदप्रकाश कुर्मी प्रथम, सत्यनारायण चौधरी द्वितीय व मुकेश सेन तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में आबिदा अली और सीमा कुमारी के बीच हुए मुकाबले में आबिदा अली ने सीमा कुमारी को 8 अंकों से हराकर अपना परचम लहराया। आयुषी कंवर तृतीय स्थान पर रही।

ये भी रहे विजेता: इसी प्रकार युगल वर्ग के अंडर 15 वर्ष में आयुष सिंह-मनीष चौधरी प्रथम, जबीर खान-अमन गुर्जर द्वितीय और कार्तिक जैन-हिमांश मनचंदा की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही। अंडर 19 वर्ष में रोहित चौधरी-पीयूष विजयवर्गीय प्रथम, पारस यादव-लक्की राठौड़ द्वितीय, आयुष सिंह-मनीष चौधरी की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही। अंडर 35 वर्ष में रोहित चौधरी-पीयूष विजयवर्गीय प्रथम, पारस आडवाणी-नितेश जगरवाल द्वितीय और पारस यादव-राहुल मालावत की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही। 30 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में सतवीर गुर्जर-अल्तमश प्रथम, संजय चौधरी-अब्दुल कलीम द्वितीय और अमित गौड़-उत्कर्ष कुमावत की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही। 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में वेदप्रकाश कुर्मी-मुकेश सेन प्रथम, विजय शारदा-प्रहलाद मेघवाल द्वितीय और सत्यनारायण चौधरी-धर्मेन्द्र छाबड़ा की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही।

विजेताओं का सम्मान व आयोजन व्यवस्था: अतिथियों ने सभी वर्गों के विजेताओं व उपविजेताओं को ट्रॉफी, मैडल, प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। शारीरिक शिक्षक राजेशकुमार उपाध्याय, विजय पारीक, अभिषेक अग्रवाल व दीक्षा धाकड़ ने मुकाबलों का सफल संचालन किया। स्कोरिंग का कार्य नितेश जगरवाल, बुद्धिप्रकाश चौधरी, आयुष सिंह, केशव मित्तल व मनोज कुमावत ने संभाला। इस दौरान रमेशचन्द पारीक व अशोक विनायका भी उपस्थित रहे। संस्थान के सचिव शारीरिक शिक्षक अरविन्द अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया व संचालन सत्यनारायण सोनी ने किया। अंत में संस्थान के निदेशक अरुण अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। होनहार खिलाड़ी स्व. हार्दिक अग्रवाल की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।


