Homeक्राइम न्यूजकिसान की मेहनत पर उचक्कों की मार: मंडी में फसल बेच कर...

किसान की मेहनत पर उचक्कों की मार: मंडी में फसल बेच कर लौट रहे अन्नदाता की जेब साफ, एक लाख पार

केकड़ी, 24 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खेतों में दिन रात खून-पसीना एक कर मंडी में फसल बेचने आए किसान की मेहनत की कमाई पर उचक्कों ने सेंध लगा दी। बस में चढ़ने की आपाधापी के बीच शातिर बदमाशों ने किसान की जेब से एक लाख रुपए से अधिक की नकदी पार कर ली। इस अप्रत्याशित वारदात से पीड़ित किसान के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कादेड़ा निवासी किसान मोहनलाल माली पुत्र धन्नालाल अपनी उपज बेचने के लिए कृषि उपज मंडी आया था। फसल बेचकर प्राप्त हुई राशि लेकर वह वापस घर लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंचा।

भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम: बस में चढ़ते-उतरते समय हुई गहमागहमी का फायदा उठाते हुए अज्ञात उचक्कों ने बड़ी सफाई से किसान के पेंट की जेब में रखे 1 लाख 2 हजार 680 रुपए निकाल लिए। किसान को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उसकी मेहनत की कमाई चोरी हो चुकी है। हैरानी की बात यह रही कि किसान की दूसरी जेब में भी 70 हजार रुपए रखे हुए थे, जिन पर बदमाशों की नजर नहीं पड़ी और वह बच गए, अन्यथा नुकसान बड़ा हो सकता था। बस से उतरने के बाद जब किसान ने अपनी जेब संभाली, तो नोटों के गायब होने का पता चला। अपनी बड़ी रकम चोरी होने की खबर से किसान बदहवास हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

जांच में जुटी पुलिस, फुटेज खंगाले: वारदात की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल कालूराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली। पुलिस बस स्टैंड व आसपास के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों के मूवमेंट का पता लगाया जा सके। पीड़ित किसान ने संदेह जताया है कि बस में चढ़ते उतरते समय उसके आगे-पीछे घूम रहे दो नाबालिग लड़कों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस किसान द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES