Thursday, October 8, 2026
Home क्राइम न्यूज खनन विभाग ने अवैध बजरी खनन व परिवहन पर कसा शिकंजा, लोडर...

खनन विभाग ने अवैध बजरी खनन व परिवहन पर कसा शिकंजा, लोडर व ट्रेलर समेत 5 वाहन जब्त, लगाया 12.42 लाख रुपए का जुर्माना

केकड़ी: अवैध बजरी खनन व परिवहन के मामले में खनन विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहन।

केकड़ी, 27 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खनन विभाग ने अवैध बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ बुधवार रात्रि को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 5 वाहनों को जब्त कर 12.42 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई है। अधीक्षण खनिज अभियंता जे.के. गुरूबख्शानी (अजमेर) एवं सहायक खनिज अभियंता मनोज कुमार तंवर (सावर) के निर्देशन में खनिज कार्यदेशक कौशल शर्मा ने बोर्डर होमगार्ड जवानों के साथ मिलकर ग्राम गुलगांव में सावर व केकड़ी हाईवे के समीप अवैध बजरी की लोडिंग व परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा। जिसमे एक लोडर, एक ट्रेलर व दो ट्रैक्टर ट्रॉली शामिल है। इन सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना केकड़ी सदर की सुपुर्दगी में दिया गया है। इन पर कुल 11 लाख 16 हजार 800 रुपए की पेनल्टी लगाई गई है।

भिनाय क्षेत्र में भी की कार्रवाई: इसी के साथ टीम ने बडली क्षेत्र (तहसील भिनाय) में भी अवैध रूप से बजरी का निर्गमन करते हुए एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया। इस पर 1 लाख 26 हजार रुपए की पेनल्टी लगाई गई है तथा वाहन को पुलिस थाना भिनाय की सुपुर्दगी में दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में खनिज कार्यदेशक कौशल शर्मा व बोर्डर होमगार्ड के जवान शामिल थे। इस कार्रवाई से अवैध बजरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। तंवर ने बताया कि अवैध बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।