Thursday, March 13, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिखत्म हुआ सदियों का इंतजार, राममंदिर का स्वप्न हुआ साकार...

खत्म हुआ सदियों का इंतजार, राममंदिर का स्वप्न हुआ साकार…

केकड़ी, 22 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अयोध्या आज भव्य है…अलौकिक है और रामधुन से गूंज रही है। पूरे देश में जश्न का माहौल है। विदेशों में सनातन संस्कृति से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। क्योंकि आज अयोध्या के नए मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। केकड़ी में भी उत्सव मनाया गया। इस दौरान पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया। यहां गली गली में रामलला के स्वागत की तैयारियां की गई। प्रमुख बाजारों में फर्रियों व विद्युत चलित रोशनी की आकर्षक सजावट की गई। शहर के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन कीर्तन एवं रामायण पाठ का आयोजन हुआ। रामधुन के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। विभिन्न मोहल्लों में कलश यात्रा निकाली गई। कई मंदिरों में नवीन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाआरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ।

छाया रहा उल्लास प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान चहुंओर उल्लास का वातावरण दृष्टिगोचर हुआ। मंगल ध्वनि एवं जय श्रीराम के स्वर से गगन गुंजायमान होता रहा। प्रतिष्ठा महोत्सव देखने के लिए लोग सुबह से ही टीवी पर चिपके रहे। टीवी पर लाइव टेलिकास्ट के माध्यम से प्राण प्रतिष्ठा की अनमोल घड़ियों के साक्षी बनकर लोग भावुक हो गए। युवाओं ने आतिशबाजी कर महोत्सव को उल्लास से भर दिया। इस दौरान लोगों में विशेष उत्साह नजर आया। अनेकानेक लोगों की आंखें हर्ष से छलछला उठी। लोगों का मानना रहा कि कारसेवकों का बलिदान एवं पीढ़ीयों की तपस्या आज जाकर फलीभूत हुई है। सौभाग्य से ही उन्हें इस पुण्य का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है। वे अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे है।

RELATED ARTICLES