केकड़ी, 19 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सदर थाना क्षेत्र के प्रान्हेड़ा गांव स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से अष्टधातु की दो मूर्तियां, चांदी के तीन छत्र, अष्टधातु के चार छत्र और दानपात्र की पेटी चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह पुजारी के मंदिर पहुंचने पर वारदात का पता चला। प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया। सुबह करीब 4 बजे पुजारी ने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा और इसकी सूचना जैन समाज के लोगों को दी। सूचना मिलते ही समाज के लोग मंदिर पहुंचे। मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर जांच करने पर मूर्तियां, छत्र और दानपात्र गायब मिले।

केस दर्ज, जांच शुरू: इसके बाद प्रान्हेड़ा निवासी अंकुश कुमार जैन ने केकड़ी सदर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में चोरी हुए सामान को बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई गुलाब को सौंपी गई है। मंदिर में चोरी की वारदात के बाद जैन समाज में रोष है। समाज के लोगों ने पुलिस से अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी गया सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के साथ आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


