केकड़ी, 18 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली भी बरामद कर ली है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार कैरोट निवासी शिवराज गुर्जर पुत्र महादेव गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई की रात उनके बाड़े से सफेद पट्टी की पहचान वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब हो गई। काचरिया गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान रात लगभग 12:14 बजे अज्ञात व्यक्ति ट्रॉली ले जाते दिखे थे। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज में दर्ज हुई वारदात: अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों व आसूचना का संकलन किया। फुटेज में संदिग्ध आरोपी रात के अंधेरे में मैसी ट्रैक्टर के पीछे ट्रॉली जोड़कर ले जाते नजर आए। सघन तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी दुर्गेश गुर्जर (25 वर्ष) पुत्र भैरू गुर्जर निवासी जैतपुरा को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सापण्दा निवासी सुरेश गुर्जर, जैतपुरा निवासी सत्तु गुर्जर व अन्य के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपए मूल्य की ट्रॉली बरामद कर ली है।

अन्य वारदातों का हो सकता है खुलासा: पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों के पकड़े जाने के बाद चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई नन्दकिशोर, हैड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार व सुरेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।

