Homeक्राइम न्यूजटोल प्लाजा पर बवाल: तोड़फोड़ व हाईवे जाम करना पड़ा भारी, मुख्य...

टोल प्लाजा पर बवाल: तोड़फोड़ व हाईवे जाम करना पड़ा भारी, मुख्य आरोपी सहित 4 गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त

केकड़ी, 28 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने बांदनवाड़ा के समीप स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ करने व नेशनल हाईवे-48 को जाम करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त एक ट्रक को भी जब्त किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सथाना थाना बिजयनगर निवासी ईश्वर सिंह ने भिनाय थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि ट्रक चालक राजेश कुमार मीणा व उसके साथियों ने मिलकर 26 जून की रात को हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने टोल बूथ, कांच, फर्नीचर, आईटी उपकरण व प्रशासनिक कार्यालय की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया व टोल कर्मियों के साथ मारपीट की।

आमजन को हुई भारी परेशानी: हाईवे जाम होने से काफी समय तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। इसके चलते आम जनता के लिए जान-माल का खतरा पैदा हो गया था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं व राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम (NH Act) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवधन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (केकड़ी) राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक (केकड़ी) हर्षित शर्मा के सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

घेराबंदी कर दबोचा: वारदात के बाद आरोपी अपनी गिरफ्तारी के डर से रिश्तेदारों व दोस्तों के पास छिपकर फरारी काट रहे थे व बाहर भागने की फिराक में थे। पुलिस की विशेष टीम ने अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी व मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी राजेश मीणा (40) पुत्र सुरजन मीणा निवासी सुमेल थाना जामडोली, सुरेन्द्र माली (21) पुत्र राजू माली निवासी भिनाय, कमलेश चौधरी (21) पुत्र रंगलाल चौधरी निवासी बांदनवाड़ा एवं दीपक माली उर्फ राहुल (25) पुत्र सत्यनारायण माली निवासी बांदनवाड़ा को धर दबोचा।

ट्रक जब्त, जांच जारी: पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी मौके से जब्त कर लिया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश व मामले की जांच लगातार जारी है। इस त्वरित कार्रवाई में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, एसआई लियाकत मोहम्मद, एएसआई रामकिशन, मनोहर सिंह व गणपत, हेड कांस्टेबल रामकृपाल, बनवारीलाल, सुभाष, भागचन्द, मनमोहन सिंह, नवल सिंह, ब्रजलाल व सुरेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल मंजीत, ओमसिंह, सुनील, सुमेर व सुमित कुमार की विशेष भूमिका रही।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES