Homeराजनीतिकेकड़ी में शहरी सरकार के लिए बुधवार को मतदान, 40 वार्डों में...

केकड़ी में शहरी सरकार के लिए बुधवार को मतदान, 40 वार्डों में 99 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

केकड़ी, 08 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में शहरी सरकार चुनने के लिए बुधवार को मतदान होगा। नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान दल अपने-अपने केन्द्रों पर पहुंच चुके हैं। बुधवार को 99 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत मतपेटियों में कैद हो जाएगी। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 40 वार्डों के लिए 42 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन वार्डों में कुल 99 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के 40-40 प्रत्याशी, आरएलपी के 6 तथा 13 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

केकड़ी: गुजरवाड़ा स्कूल स्थित मतदान केन्द्र पर मौजूद पोलिंग पार्टी के सदस्य।

पोलिंग टीमें पहुंची: निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर पोलिंग टीमें पहुंच चुकी हैं और मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। केकड़ी नगर पालिका चुनाव में कुल 34 हजार 613 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 17 हजार 339 पुरुष, 17 हजार 273 महिला एवं एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या में महज 66 का अंतर है, ऐसे में महिला मतदाता भी चुनाव परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

केकड़ी: वार्ड संख्या 37 में व्यक्तिगत जनसंपर्क करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य।

25 वार्डों में सीधी टक्कर, 11 में त्रिकोणीय मुकाबला: नगर पालिका के 40 वार्डों में चुनावी तस्वीर भी काफी रोचक बनी हुई है। 25 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं 11 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां भाजपा और कांग्रेस के साथ आरएलपी अथवा निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा 4 वार्डों में चतुष्कोणीय मुकाबला है। इन वार्डों में बहुकोणीय संघर्ष के चलते मतों का बंटवारा चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं दोनों दलों के समीकरण: हालांकि अधिकांश वार्डों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है, लेकिन कई वार्डों में निर्दलीय व आरएलपी के उम्मीदवारों की मौजूदगी ने दोनों प्रमुख दलों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ वार्डों में आरएलपी प्रत्याशी मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं और वे भाजपा-कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक के समीकरण बिगाड़ सकते हैं। ऐसे वार्डों में मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का होने की संभावना है।

केकड़ी: वार्ड संख्या 38 में व्यक्तिगत जनसंपर्क करते पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा एवं अन्य।

थम चुका चुनाव प्रचार, अब घर-घर संपर्क: चुनाव प्रचार सोमवार शाम को थमने के बाद प्रत्याशियों ने अब घर-घर जनसंपर्क और व्यक्तिगत संपर्क पर पूरा जोर लगा दिया है। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार एवं उनके समर्थक मतदान से पहले अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। गली-मोहल्लों और वार्डों में मंगलवार को भी चुनावी चर्चाओं का दौर दिनभर जारी रहा।

केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम व डॉ. रघु शर्मा (फाइल फोटो)

शत्रुघ्न गौतम व रघु शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर: नगर पालिका चुनाव में भाजपा की चुनावी कमान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने संभाल रखी है, जबकि कांग्रेस का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा कर रहे हैं। कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल संभाल रहे हैं, जो हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ऐसे में नगर पालिका चुनाव का परिणाम केवल प्रत्याशियों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के स्थानीय नेतृत्व और चुनावी रणनीति की भी बड़ी परीक्षा होगी।

RELATED ARTICLES