केकड़ी, 16 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान व मुखबिर की सूचना पर यह सफलता प्राप्त की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त 2025 में प्रार्थी ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अगस्त 2025 की शाम उसकी नाबालिग पुत्री को सापण्दा निवासी रोडू नाथ (32) पुत्र मोहन नाथ बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। इस शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

पुलिस की कार्रवाई व गिरफ्तारी: प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। मामले में कई विरोधाभासी बयानों के बीच पुलिस ने सीडीआर (CDR) का गहन विश्लेषण किया तथा एफएसएल (FSL) जांच व तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की। कठिन प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी रोडूनाथ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, हेड कांस्टेबल राजकिरण व कांस्टेबल शुभकरण व कमलेश की मुख्य भूमिका रही।


