केकड़ी, 24 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिले के सावर थाना इलाके के नापाखेड़ा स्थित बनास नदी की पुलिया से बुधवार सुबह एक महिला ने नदी में कूद कर जान दे दी। सूचना पर सावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरु की। पुलिस ने शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतका की पहचान में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शी मनोज मीणा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक महिला नापाखेड़ा की तरफ पुलिया से बनास नदी में कूद गई। इस दौरान आसपास मूंग के खेतों में किसान पिलाई कर रहे थे। वहीं नदी में नाव भी चल रही थी। लोग महिला को देख ही रहे थे कि उसने नदी में छलांग लगा दी।
मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के किसानों और नाव वालों ने महिला को बचाने का प्रयास किया। लेकिन महिला की पानी में डूबने से मौत हो गई। नाविकों ने महिला को पानी से बाहर निकाला और किनारे पर ले आए। इसके बाद सावर पुलिस को सूचना दी गई। सावर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सावर थाना प्रभारी सुमन चौधरी ने बताया कि महिला की उम्र करीब 40 से 50 वर्ष के बीच दिखाई दे रही है। महिला ने ग्रामीण पोशाक लहंगा व चूनरी पहनी है। घटना के बाद बनास नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है।
सुसाइड पॉईंट बनी बनास नदी बनास नदी पर नेगडिया व नापाखेड़ा पुलिया अब सुसाइड पॉईंट बनती जा रही है। बनास नदी की दोनों पुलिया पर अब तक एक दर्जन महिला व पुरुष नदी में कूद कर अपनी जान दे चुके हैं। बनास नदी व नापाखेड़ा पुलिया अब जानलेवा साबित होने लगी है। जहां डिप्रेशन व अवसाद से ग्रसित लोग अपनी जान देने लगे हैं। महिला का मामला भी स्पष्ट तौर पर आत्महत्या का नजर आ रहा है। लोगों का मानना है कि पुलिया के दोनों तरफ रेलिंग लगाई जानी चाहिए।