केकड़ी, 02 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय किसान संघ अजमेर संभाग की बैठक संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ‘मिश्र‘ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। इस दौरान चित्तौड़ प्रांत के संगठन मंत्री परमानंद, प्रांत महिला प्रमुख रजनी नागर, प्रांत मंत्री राजेश शर्मा व प्रांत उपाध्यक्ष सोहनलाल माली सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी 30 सितंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय महिला किसान सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान से 6 हजार महिलाएं भाग लेंगी। इसके लिए प्रत्येक जिले से 150 व तहसील स्तर से 15 महिलाओं को ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है। सम्मेलन में कृषि व पशुपालन क्षेत्र में महिलाओं के योगदान और उनके कल्याण को लेकर चिंतन किया जाएगा। इससे पूर्व 16 से 18 जून तक पुष्कर में आयोजित प्रदेश महिला अभ्यास वर्ग में 257 महिलाओं ने भाग लिया था।

जैविक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित: बैठक को संबोधित करते हुए संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने किसानों से रासायनिक खाद, डीएपी व रासायनिक दवाइयों से मुक्ति पाकर जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया, ताकि भूमि को बंजर होने से बचाया जा सके व खेती को लाभ का सौदा बनाया जा सके। विशिष्ट अतिथि एनसीईआरटी नई दिल्ली की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिखवाल ने बालिकाओं को शिक्षा के साथ संस्कार देने व राष्ट्रीय स्वयंसेविका समिति से प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें योग्य व बलवान बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन केकड़ी जिला मंत्री राजेंद्र कुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर केकड़ी जिला अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापति, शाहपुरा जिला अध्यक्ष सुगनचंद बोहरा, संभाग महिला प्रमुख ममता साहू, सावित्री शर्मा, लाडा व गीता माली सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


