केकड़ी, 24 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां शनिवार को विभिन्न विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटे छोटे बच्चों ने कृष्ण और राधा बनकर मनमोहक प्रस्तुतियां दी। श्री शक्ति सेकेंडरी स्कूल केकड़ी में कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रिंसिपल राकेश कंवर ने भगवान कृष्ण की पूजा और आरती से की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भगवान कृष्ण के बाल रूप को दही और मक्खन से सजाया और झूला झुलाया।छात्र-छात्राओं ने भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाएं प्रस्तुत की। नाटक में भगवान कृष्ण के जन्म, उनके द्वारा कंस का वध करने और गोकुल में उनके बचपन के किस्सों को दिखाया गया।

भगवान कृष्ण के उपदेशों पर डाला प्रकाश कार्यक्रम के अंत में संस्था सचिव भवानी सिंह शक्तावत ने भगवान कृष्ण के उपदेशों पर प्रकाश डाला और छात्रों को सच्चाई, प्रेम और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में मिठाइयां बांटी और खुशियां मनाई। अतिथियों ने कृष्ण राधा बनकर आए बालक-बालिकाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी, केकड़ी में शनिवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार मनाया गया। शुरुआत में मुख्य अतिथि संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे ने भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन किया। इस दौरान भैया-बहनों ने राधा कृष्ण का स्वरूप धारण कर साक्षात राधा कृष्ण की छवि का दृश्य दिखाया। बच्चों ने भजनों व गीतों पर एकल व सामूहिक सहित अन्य प्रस्तुतियां देकर भाव विभोर कर दिया। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने कृष्ण जन्माष्टमी के पौराणिक महत्व के बारे में जानकारी दी। संचालन बनवारी खटीक ने किया। आयोजन में मनोज कुमार वर्मा, रणजीत सिंह, मोनू राम धाकड़, दीपिका सैन, रीतिका खींची, सरमा गुर्जर, भावना दुबे आदि ने सहयोग किया। समापन शांतिमंत्र के साथ हुआ।

इसी प्रकार बी.एन.पी.ग्लोबल एजुकेशन एकेडमी के इंग्लिश एवं हिंदी मीडियम विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से आदर्श कॉलोनी केकड़ी में स्थित विद्यालय में कृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था डायरेक्टर तारा देवी पांडे, मुख्य अतिथि नीरज शर्मा व नीलम शर्मा ने श्री कृष्ण वंदना एवं कृष्णमूर्ति को माला पहनाकर की। बच्चों ने अलग-अलग वेशभूषा के साथ कृष्ण भजनों पर नृत्य की प्रस्तुती दी। अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य नीलू शर्मा, इंचार्ज अंकित पांडे, अध्यापक माया जैन, शालिनी राणावत, कल्पना विजय, रिंकू जैन, टीना सोनी, आशा सैनी, रिंकू चौधरी, बुलबुल जैन, मुस्कान साहू, लक्ष्मी साहू आदि ने सहयोग किया।