Homeक्राइम न्यूजदो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन गंभीर...

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल कोटा रेफर; जांच में जुटी पुलिस

केकड़ी, 25 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के घटियाली गांव में शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल निजी वाहनों से देवली उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।

केकड़ी: घायलों का उपचार करते चिकित्साकर्मी।

क्या है मामला: प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई। हादसे में दीपक पुत्र परमेश्वर गुर्जर निवासी जसवंतपुरा, रामपाल पुत्र हरिराम माली निवासी घटियाली, दिनेश पुत्र रामकिशन मीणा निवासी नाड़ी (थाना सावर) व कान्हाराम पुत्र गणपत सिंह निवासी सावर गंभीर रूप से घायल हो गए। देवली उपजिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद कान्हाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं सिर में गंभीर चोटें होने के कारण दीपक, रामपाल व दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में जमा हुई ग्रामीणों की भीड़: हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सावर थाना पुलिस के एएसआई किशनलाल व एएसआई रामधन मीणा ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक का शव देवली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है व दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES