Thursday, June 19, 2025
Homeक्राइम न्यूजबंदूक की गोली से युवक की मौत, कारणों की पड़ताल में जुटी...

बंदूक की गोली से युवक की मौत, कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस

केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) सरवाड़ थाना क्षेत्र के सूरजपुरा गांव में शादी की बिंदोरी के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार को जगदीशपुरा निवासी सोनू डसानियां (28) पुत्र श्रवण  डसानियां अपने दोस्तो शंकर नागा व कालू डसाणियां के साथ परिचित की शादी में शिरकत करने सुरजपुरा गया था। शादी में बिंदोरी के दौरान एक युवक के पास बंदूक थी और वह फायरिंग कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दो फायर हवा में चले गए लेकिन तीसरा फायर सोनू की गर्दन के नीचे जा लगा। गोली लगते ही सोनू के शरीर से खून का फव्वारा फूट पड़ा। मौके पर चीख पुकार मच गई। गोली लगने के बाद खून से लथपथ घायल सोनू को उसके साथियों ने केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।

बंदूक की गोली से युवक की मौत की घटना के बाद अस्पताल में जमा भीड़।

सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस के थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय मय पुलिस जाब्ता अस्पताल पहुंचे और साथी युवकों से पूछताछ की। युवक की मौत का पता चलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फायरिंग करने वाले युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्दी ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।

RELATED ARTICLES