केकड़ी (आदित्य न्यूज़ नेटवर्क) जन—जन की आस्था के केन्द्र गीता भवन में 13 अप्रेल से 20 अप्रेल तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत बुधवार को खिडकी गेट स्थित बड़ पिपलेश्वर महादेव मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गीता भवन पहुंचेगी। व्यास पीठ की पूजा-अर्चना के बाद भागवत कथा का शुभारम्भ होगा। आयोजक परिवार के देवन भगतानी ने बताया कि कथा महोत्सव में श्री अमर ज्ञान निरंजनी आश्रम शक्करगढ़ के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी जगदीशपुरी महाराज भागवत कथा का अमृत पान कराएंगे। कथा महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सत्संस्कार सेवा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के संरक्षक पूरण कुमार कारिहा, अध्यक्ष सुभाष न्याति, मंत्री चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष गणेशसिंह भाटी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र फतेहपुरिया, पूर्व मंत्री सुरेंद्र जोशी, भगवान माहेश्वरी, अशोक विजयवर्गीय, चेतन भगतानी, मुकेश कोडवानी, नरेश, कमल भगतानी, बन्ना लाल लौहार, शांति देवी पडियार सहित अन्य सदस्यों ने सुझाव दिए।
होंगे विविध आयोजन कथा महोत्सव के दौरान 13 अप्रेल को कथा का महात्म्य, 14 को भीष्म स्तुति, कुंती स्तुति, परीक्षित जन्म व शुकागमन, 15 को विदुर उद्धव संवाद, कपिलोपाख्यान, ध्रुव चरित्र व ऋषभदेव चरित्र, 16 को जड़भरत रहगुण संवाद, अजामिलोपाख्यान व प्रहलाद चरित्र, 17 को गजेन्द्र मोक्ष, समुन्द्र मंथन, गंगावतरण, रामजन्म, कृष्ण जन्म व नन्दोत्सव, 18 को कृष्ण बाल लीला, गोवर्धन धारण लीला, रासलीला व कंस उद्धार, 19 को गुरुकुलगमन, जरासंध शिशुपाल उद्धार, रूकमणी मंगल व सुदामा चरित्र एवं 20 अप्रेल को उद्धव गीता, परीक्षित मुक्ति व शुक पूजन के प्रसंगों का वांचन होगा। पूर्णाहूति हवन के साथ महोत्सव का समापन होगा। कथा का समय सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे तक एवं दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक रखा गया है।
संबंधित समाचार देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करें।
विशाल कलश यात्रा के साथ होगा भागवत कथा का शुभारम्भ, 13 से 20 अप्रेल तक गीता भवन में है आयोजन https://adityanewsnetwork.com/विशाल-कलश-यात्रा-के-साथ-हो/