केकड़ी, 10 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों व शिक्षकगणों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों व विद्यालय स्टाफ को सुलभ, निःशुल्क व समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 120 विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सा टीम में सहायक आचार्य डॉ. भारत शर्मा, डॉ. निर्मला शर्मा, डॉ. खुशबू यादव व डॉ. प्रकाश ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। वहीं, शिविर के सफल संचालन में कर्मचारी विकास, मोहन व धन्नालाल मीणा का विशेष योगदान रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार: विद्यालय के प्राचार्य गोपाल लाल रेगर व उपप्राचार्य विनोद कुमार जैन ने चिकित्सकीय दल का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के व्याख्याता सुरेश चौधरी, हेमंत भगत व नरेंद्र सिंह भाटी सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने चिकित्सा दल एवं विद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक व सर्वांगीण विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं।


