Homeक्राइम न्यूजबजरी माफियाओं के खिलाफ खनिज विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 250...

बजरी माफियाओं के खिलाफ खनिज विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 250 टन अवैध स्टॉक जब्त

केकड़ी, 20 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध खनन व अवैध भंडारण की रोकथाम को लेकर खनिज विभाग के सहायक खनिज अभियंता मनोज कुमार तंवर के निर्देशन में मंगलवार को विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से ग्राम देवपुरा में अवैध खनिज बजरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। तंवर ने बताया कि खनिज विभाग को क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी भंडारण की शिकायतें मिल रही थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यालय के खनिज कार्यदेशक श्रवण सिंह व महेंद्र कुमावत की टीम ने सावर थाना पुलिस जाब्ते के साथ देवपुरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से स्टॉक करके रखी गई लगभग 250 टन बजरी जब्त की।

टीपी पॉइंट पर सुरक्षित डलवाया स्टॉक: जब्त की गई बजरी की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने नजदीकी खनन पट्टा धारी (लीज होल्डर) की सहायता ली। टीम ने पूरी बजरी को सुरक्षित रूप से उनके देवपुरा स्थित टीपी पॉइंट पर भिजवा दिया है। खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस जब्तशुदा खनिज बजरी की आगामी दिनों में नियमानुसार विभाग द्वारा ई-नीलामी की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सावर थाने के पुलिस जवान व खनिज विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध बजरी माफियाओं व स्टॉककर्ताओं में हड़कंप मच गया है।

RELATED ARTICLES