केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिंदू परिषद दुर्गावाहिनी चित्तौड़ प्रांत का सप्त दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग सोमवार को पटेल आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रारंभ हुआ। शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए दुर्गावाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका प्रज्ञा महला ने कहा कि वर्तमान में हिंदू समाज के भीतर फूट डालकर विधर्मियों द्वारा हिंदू समाज व भारतीय संस्कृति को नष्ट करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। हमें संगठित रहकर ही इन ताकतों को करारा प्रत्युत्तर देना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि सप्त दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत हम सभी के मन में एक ही विचार होना चाहिए कि राष्ट्र सर्वोपरि है।

संगठन की आचार पद्धति से हुआ उद्घाटन: उद्घाटन सत्र का शुभारंभ प्रीति मानावत द्वारा संगठन की पारंपरिक आचार पद्धति के साथ किया गया। वर्ग अधिकारी व प्रांत सहसंयोजिका प्रीति साहू ने संपूर्ण वर्ग की विस्तृत जानकारी देते हुए वर्ग प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र में विहिप के प्रांत मंत्री कौशल गौड़, दुर्गावाहिनी की क्षेत्रीय संयोजिका लता पंड्या, वर्गपालक नरेंद्र भगत व प्रांत मातृशक्ति संयोजिका अलका गौड़ मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन लोपामुद्रा जोशी द्वारा किया गया।

प्रांतभर से आईं 240 बहनें सीख रहीं शौर्य के गुर: विश्व हिंदू परिषद अजयमेरु के जिलामंत्री गोविंद शर्मा ने बताया कि इस सप्त दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में संपूर्ण चित्तौड़ प्रांत से 240 बहनें तथा 50 शिक्षिकाएं व प्रबंधिकाएं भाग ले रही हैं। वर्ग में प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से लेकर रात्रि 10:00 बजे तक एक निश्चित दिनचर्या के अनुसार सभी बहनों को कड़ा शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि उनमें राष्ट्र रक्षा व आत्मरक्षा के प्रति आत्मविश्वास जागृत हो सके।

ये रहे मौजूद: उद्घाटन सत्र के दौरान कोटा विभाग संगठन मंत्री लक्ष्मी चंद, अजमेर विभाग मंत्री श्याम मनोहर सोनी, गोविंद शर्मा, मुकेश शर्मा, जगेश्वर शर्मा, ज्ञान देव शर्मा, ताराचंद नामा, राजेंद्र फतेहपुरिया, मदन चौधरी, रमेश शास्त्री, चांदमल जैन, अनुराग शर्मा, पंकज अग्रवाल, रामावतार, ज्ञानचंद शर्मा, हिमांशी जोशी, विनीता जोशी व सरोज विजय सहित विश्व हिंदू परिषद व अन्य संगठनों के कई कार्यकर्ता व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

