केकड़ी, 26 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर, वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर की जयंती केकड़ी में सोमवार को सकल जैन समाज द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं विविध धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष भंवर बज ने बताया कि जयंती महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को प्रातः पांच बजे भक्तिभाव पूर्वक नगर के सभी प्रमुख मार्गों से होकर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सुबह सवा आठ बजे दिगम्बर जैन चैत्यालय प्रांगण में मुख्य अतिथि केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम व समाज के वयोवृद्ध जनों द्वारा जैन ध्वजारोहण किया जाएगा। तत्पश्चात आर्यिका विनीतश्री माताजी ससंघ के सानिध्य में सुबह नौ बजे नगर में भगवान को रथ में विराजमान कर भव्यातिभव्य विशाल शोभायात्रा जुलूस निकाला जाएगा।

आदिनाथ वाटिका में होगा वात्सल्य भोज: शोभायात्रा सम्पन्न होने के पश्चात सुबह ग्यारह बजे आदिनाथ वाटिका में सकल जैन समाज का वात्सल्य भोज होगा। जयंती के मौके पर जैन समाज के श्रद्धालु अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। जुलूस में महिलाएं केसरिया परिधान व पुरुष वर्ग श्वेत वस्त्र धारण करेंगे। रात्रि में सात बजे भगवान की आरती व भक्ति संगीत का आयोजन होगा। महावीर जयंती महोत्सव के अंतर्गत 28 व 29 मार्च को महिला महासमिति एवं दिगम्बर जैन महिला मंडल द्वारा ‘मेरे महावीर झुले पलना‘ व अन्य आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे।

रक्तदान शिविर 29 मार्च को: भगवान महावीर की ‘जीओ और जीने दो‘ की अवधारणा को साकार करते हुए केकड़ी में महावीर जयंती के पावन अवसर पर सकल जैन समाज द्वारा एक दिवस पूर्व रविवार 29 मार्च को देवगांव गेट स्थित दिगम्बर जैन स्कूल प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए अग्रवाल समाज चौरासी की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि समाज में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह है। उन्होनें कहा कि यह शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। जिसका उद्देश्य है कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और उनकी जान बचाई जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनें और जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में अपना अमूल्य योगदान दें।

