Homeक्राइम न्यूजग्रेनाइट रॉयल्टी ठेकेदार की अवैध वसूली के खिलाफ फूटा आक्रोश; ट्रेलर चालकों...

ग्रेनाइट रॉयल्टी ठेकेदार की अवैध वसूली के खिलाफ फूटा आक्रोश; ट्रेलर चालकों व ग्रेनाइट कारोबारियों ने किया चक्काजाम, बघेरा-हिसामपुर मार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतारें

केकड़ी, 22 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): हाल ही में हुए रॉयल्टी ठेके के बाद रॉयल्टी ठेकेदार व ग्रेनाइट कारोबारियों के बीच विवाद गहरा गया है। ठेकेदार द्वारा ओवरलोड के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली के विरोध में ग्रेनाइट से भरे ब्लॉक ट्रेलर चालकों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित चालकों ने बघेरा-हिसामपुर मार्ग पर अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर तक ट्रेलर व अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी चालकों का आरोप है कि नए रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर जबरन अवैध वसूली की जा रही है।

उग्र हो सकता है आंदोलन: प्रदर्शनकारियों का कहना रहा कि अवैध वसूली के कारण परिवहन व्यवस्था और ग्रेनाइट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रेनाइट कारोबारियों व चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन द्वारा जल्द ही कोई ठोस और दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो यह असंतोष और उग्र रूप ले सकता है। फिलहाल मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप का इंतजार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES