केकड़ी, 16 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को एक और छात्रा का सपना साकार हुआ। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सत्र 2024-25 की छात्रा एकता मीणा को स्कूटी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने छात्रा को स्कूटी की चाबी सौंपी व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह स्कूटी उसकी शैक्षणिक मेहनत व लगन का प्रतिफल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सुविधा छात्रा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्तरोत्तर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ने में मददगार साबित होगी।

समिति ने पूर्ण की प्रक्रिया: स्कूटी वितरण कार्यक्रम के दौरान स्कूटी समिति की समन्वयक डॉ. नीता चौहान ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएं कीं। समिति सदस्य माया पारीक ने स्कूटी वितरण से संबंधित समस्त तकनीकी व कागजी कार्यों का कुशलतापूर्वक संपादन सुनिश्चित किया। इस दौरान महाविद्यालय का अन्य शैक्षणिक स्टाफ व विद्यार्थी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मेधावी छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।


