केकड़ी, 17 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह व जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक साल से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुगनचन्द प्रजापत पुत्र गोरधन निवासी ब्रिकच्यावास अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 02 केकड़ी के प्रकरण संख्या 382/2017 सरकार बनाम सुगनचन्द में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था।

विशेष टीम का किया गठन: आरोपी की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर व तकनीकी सूचना के आधार पर ब्रिकच्यावास (थाना मांगलियावास) में दबिश देकर आरोपी सुगनचंद को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्यवाही में थानाधिकारी ओमप्रकाश, हैड कांस्टेबल बनवारीलाल व हैड कांस्टेबल भागचन्द की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के अनुसार वांछित अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


