केकड़ी, 22 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास व लूट के मामले में पिछले 9 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। घटना के अनुसार 10 मार्च 2017 को बेगलियावास (मसूदा) निवासी जगदीश दरोगा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि आरोपियों ने उसके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ दिए थे व रुपए लूटकर हत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने इस संबंध में भादसं की धारा 342, 365, 395 व 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच व अनुसंधान के बाद पुलिस ने आरोपी शंकर सिंह व सलमान को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कमालुद्दीन फरार हो गया।

विशेष टीम को मिली सफलता: पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन एवं थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई। टीम ने निरंतर प्रयास कर आरोपी कमालुद्दीन (30) पुत्र इलियास उर्फ इस्माईल निवासी गंगाती कला (दूदू, जयपुर ग्रामीण) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था व धारा 299 जाब्ता फौजदारी के तहत वांछित था। इस कार्रवाई में थानाधिकारी के अलावा हेड कांस्टेबल भागचंद व कांस्टेबल ओमसिंह ने अहम भूमिका निभाई है।


