केकड़ी, 23 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने व संपूर्ण भारत में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के संकल्प के साथ ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान‘ के अंतर्गत विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। स्थानीय पटेल मैदान में ‘बढ़ते कदम गौशाला‘ द्वारा आयोजित ‘एक शाम गोमाता के नाम‘ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौ भक्तों ने शिरकत की। भजन संध्या में प्रसिद्ध राष्ट्रीय गौ प्रेमी व भजन गायक ओम मुंडेल ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। संगीत की लहरों के बीच मुंडेल ने सामाजिक चेतना का आह्वान करते हुए कहा कि गौ माता के सम्मान की रक्षा के लिए पूरे देश में तहसील स्तर पर जनजागरण किया जा रहा है। उन्होंने आगामी 27 अप्रैल 2026 को उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपने के लिए आयोजित होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का निवेदन किया।

बढ़ते कदम संस्थान के प्रयासों को सराहा: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में गौ सेवा के क्षेत्र में बढ़ते कदम गौशाला के प्रयासों की सराहना की व 27 अप्रैल के अभियान को सफल बनाने के लिए गौ भक्तों से एकजुट होने की अपील की। भजन संध्या का संचालन अंतरराष्ट्रीय कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच ने अपने काव्यमयी अंदाज में किया। संस्थान के अध्यक्ष अशोक पारीक ने पधारे हुए सभी अतिथियों व शहर के गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। देर रात्रि तक चली इस भजन संध्या में भक्ति व राष्ट्रव्यापी गौ सेवा अभियान का अनूठा उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित नागरिकों ने गौ सेवा व संरक्षण का संकल्प लिया।


