केकड़ी, 22 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): द वायब्रेंट एकेडमी स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रांगण में विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण से किया गया, जिसके तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को साफ-सुथरा रखने व स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर पर्यावरण विषय पर आधारित पोस्टर मेकिंग, भाषण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन: विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व अपने मौलिक विचार प्रस्तुत किए। नन्हे बच्चों ने सुंदर पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी रचनात्मकता दिखाई। जागरूकता की कड़ी में विद्यार्थियों ने एक रैली भी निकाली, जिसमें “प्लास्टिक मुक्त परिसर”, “पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ” एवं “सेव वाटर, सेव ट्री, सेव नेचर, सेव अर्थ” जैसे गगनभेदी नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी: विद्यालय के मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी है व इसकी सुरक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्त्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाएं ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल सके। कार्यक्रम के आयोजन में समस्त शिक्षकगण व विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से पृथ्वी संरक्षण का संकल्प लिया।


