केकड़ी, 25 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा के मार्गदर्शन में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ‘ जनजागरण अभियान के तहत शनिवार को पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक के मुख्य अतिथि एवं केकड़ी विधानसभा प्रभारी राजीव शुक्ला रहे, जबकि अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत जैन ने की। बैठक में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत व वार्ड स्तर पर सक्रिय कार्यकारिणी का गठन करने का निर्णय किया गया। साथ ही आगामी पंचायत एवं नगर पालिका चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यकर्ताओं को निर्देश: बैठक में वक्ताओं ने सुझाव दिए कि संगठन को जितना मजबूत किया जाएगा, जीत की संभावना उतनी ही बढ़ेगी। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया गया कि वे एकजुट होकर कार्य करें ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनाया जा सके। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता रतन पंवार ने किया। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं व विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। जिनमें पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शक्तावत, सावर नगर अध्यक्ष कन्हैया लाल माली, वरिष्ठ नेता मोहम्मद सईद नकवी व पूर्व पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू सहित सावर, सरवाड़, टांटोटी व केकड़ी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल है।


