Homeधर्म एवं संस्कृतिकालाभाटा महादेव मन्दिर में धार्मिक महोत्सव: श्रीराम कथा व शतचण्डी महायज्ञ आरम्भ,...

कालाभाटा महादेव मन्दिर में धार्मिक महोत्सव: श्रीराम कथा व शतचण्डी महायज्ञ आरम्भ, कल्पवृक्ष विवाह का होगा ऐतिहासिक आयोजन

केकड़ी, 28 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): प्राचीन सिद्धपीठ श्री कालाभाटा महादेव मंदिर परिसर में भव्य व दिव्य धार्मिक महोत्सव का उल्लास छाया हुआ है। योगीराज हीरानाथ महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित यह महोत्सव 25 अप्रैल से 3 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। महोत्सव के अंतर्गत वेदाचार्य पण्डित रविशंकर आचार्य के आचार्यत्त्व में 13 विद्वान पण्डितों द्वारा एक कुण्डीय शतचण्डी यज्ञ अनुष्ठान किया जा रहा है। यह अनुष्ठान वैशाख शुक्ल नवमी से प्रारम्भ होकर ज्येष्ठ कृष्णा द्वितीया तक अनवरत जारी रहेगा। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण कल्पवृक्ष विवाह होगा। धार्मिक मान्यता है कि अमृत मंथन से प्राप्त 14 रत्नों में से एक कल्पवृक्षमंदिर परिसर में स्थित है। इसका विवाह संस्कार 1 मई 2026 वैशाख शुक्ल पूर्णिमा को पूरी भव्यता के साथ संपन्न करवाया जाएगा।

श्रीराम कथा व हरि संकीर्तन की बहेगी गंगा: महोत्सव के दौरान प्रतिदिन राष्ट्रसंत स्वामी गोविन्ददेव गिरी महाराज के शिष्य एवं कथावाचक भागीरथ सारस्वत सेलू जिला परभणी (महाराष्ट्र) के मुखारबिन्द से श्रीराम कथा की अमृत वर्षा हो रही है। आयोजन के समापन पर 3 मई को यज्ञ की पूर्णाहूति दी जाएगी। इस अवसर पर 251 गांवों की हरि बोल प्रभात मंडलियों द्वारा विशाल सामूहिक हरिकीर्तन व महाप्रसादी का आयोजन होगा। मन्दिर प्रवक्ता चन्दू पण्डित ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं व समस्त क्षेत्र के धर्मप्रेमियों को इस अलौकिक आयोजन में सहभागी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है।

RELATED ARTICLES