केकड़ी, 28 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बढ़ती गर्मी व तपती धूप से राहत पहुंचाने के लिए माधवी महिला सेवा समिति द्वारा सराहनीय पहल की गई है। सामाजिक सरोकार निभाते हुए समिति के सदस्यों ने आंगनबाड़ी पारा के 30 बालक-बालिकाओं को चप्पलों का वितरण किया ताकि वे तपती जमीन से अपने पैरों को सुरक्षित रख सके। चप्पल वितरण के साथ ही बच्चों को पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, बिस्किट व शीतल पेय भी प्रदान किए गए। अचानक मिली इन सुविधाओं से बच्चों के चेहरे खिल उठे। आंगनबाड़ी संचालक व स्थानीय महिलाओं ने समिति के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। समिति ने पुनीत कार्य में भागीदारी का अवसर देने के लिए आंगनबाड़ी संचालक अपर्णा राजपूत का आभार जताया।

निरन्तर जारी हैं सेवा कार्य: समिति की अध्यक्ष कौशल्या गर्ग ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर समाज सेवा के विभिन्न कार्य किए जाते है। इनमें प्रमुख रूप से छात्रों को स्टेशनरी व कॉपियों का वितरण, सर्दियों में जरूरतमंदों को स्वेटर भेंट, कन्या विवाह में आवश्यक सामग्री व दहेज में सहयोग एवं गर्मी के मौसम में शीतल जल की व्यवस्था शामिल है। इस मौके पर अध्यक्ष कौशल्या गर्ग, सचिव अलका चौकड़ीवाल, कोषाध्यक्ष गायत्री बंसल, पूर्व प्रधान सीमा चौधरी, इंद्रा नुवाल, कैलाशी सोनी, मंजू मांगधना, प्रभा गर्ग व सुशीला नुवाल सहित समिति की अन्य सदस्य उपस्थित रही।


