केकड़ी, 27 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): तेलियान समाज की कृष्ण सखी महिला मंडल द्वारा मोहिनी एकादशी के अवसर पर श्रीराम दरबार, दुर्गा माता व शिव परिवार को नवीन पोशाक व चांदी की मालाएं भेंट की गईं। चौरासी मंदिर की परिक्रमा पूर्ण होने पर महिला मंडल द्वारा जुलूस निकाला गया। जो काजीपुरा स्थित त्रिपुण्डधारी महादेव मंदिर से रवाना हुआ। बैंड-बाजों व ढोल की थाप पर नृत्य करती महिलाएं भक्ति भाव में सराबोर नजर आईं। पोशाक यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए तीनबत्ती तिराहा स्थित तेलियान समाज के मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान समाज के लोगों व श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

मंत्रोच्चारण के बीच अर्पित की पोशाक: मंडल की सदस्य गीता साहू ने बताया कि मंदिर पहुंचने के पश्चात पंडितों द्वारा विधि-विधान से मंत्रोच्चारण किया गया, जिसके बीच भगवान की प्रतिमाओं को नवीन पोशाक धारण कराई गई। इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में सुख-समृद्धि व भक्ति की भावना का संचार करना रहा। इस मांगलिक अवसर पर गीतादेवी साहू, स्नेहलता साहू, सन्नू तेली, तारादेवी साहू, सीमादेवी साहू, लाड़ादेवी, सरोज साहू, राजकंवर, रतनदेवी, मायादेवी, इंद्रादेवी साहू, रेखा देवी, मधु जेतवाल, शांतिदेवी, राजेश व कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएं व समाजजन उपस्थित रहे।


