केकड़ी, 28 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अंतर्गत स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सत्र 2023-24 की अपात्र रही छात्राओं की सूची के विरुद्ध सत्र 2024-25 की दो मेधावी छात्राओं को स्कूटियां प्रदान की गई। लाभान्वित होने वाली छात्राओं में निर्मला कोठारी महाविद्यालय (सावर) की निर्मला कुमारी मीणा व श्री ओंकार सिंह टीचर ट्रेनिंग कॉलेज (अजमेर) की सरिता धाकड़ शामिल हैं। प्राचार्य प्रो. किरोड़ी लाल मीणा ने छात्राओं को चाबी सौंपते हुए उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस दौरान निर्मला कोठारी महाविद्यालय के निदेशक सत्यनारायण न्याती ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके प्रगति की कामना की।

वितरण प्रक्रिया व विभागीय कार्य: स्कूटी समिति समन्वयक डॉ. नीता चौहान ने जानकारी दी कि सत्र 2023-24 की अपात्र छात्राओं की कुल 20 स्कूटियां महाविद्यालय में उपलब्ध थी, जिनमें से अब तक 14 का वितरण किया जा चुका है। इनमें 12 स्कूटियां सत्र 2024-25 की पात्र छात्राओं को दी गई तथा 02 स्कूटियां इंदिरा प्रियदर्शिनी योजना के अंतर्गत वितरित की गई। इस दौरान दस्तावेजों से संबंधित समस्त कार्य प्रो. माया पारीक द्वारा व आरटीओ संबंधित तकनीकी प्रक्रिया प्रो. आनंद पाराशर द्वारा पूर्ण की गई।


