Homeराजनीतिविधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया जनगणना अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ;...

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया जनगणना अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ; 15 मई तक वेबसाइट के माध्यम से कर सकेंगे स्व-गणना, सटीक जानकारी देना अनिवार्य

केकड़ी, 01 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण व स्व-गणना (Self-Enumeration) कार्यक्रम का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने स्वयं की गणना कर इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि प्रदेश व देश के विकास में सटीक आंकड़ों के माध्यम से योगदान दिया जा सके। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी व नायब तहसीलदार केंद्र प्रसाद शर्मा, फील्ड ट्रेनर निरंजन धंधोंलिया, सांख्यिकी अधिकारी लोकेश शास्त्री सहित जनगणना सेल के भीमसेन व रमेश माली उपस्थित रहे।

केकड़ी: जनगणना अभियान के तहत स्व-गणना कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मौजूद विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य।

15 मई तक कर सकेंगे स्व-गणना: उपखंड जनगणना अधिकारी व उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान ने बताया कि राजस्थान में जनगणना का कार्य 1 मई से प्रारंभ हो चुका है। अभियान के पहले चरण में नागरिक 1 मई से 15 मई तक जनगणना आयुक्तालय की आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जो नागरिक स्व-गणना नहीं करेंगे उनके घर 16 मई से 14 जून के मध्य प्रगणक (Enumerators) पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे। स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक विशेष आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आने पर उन्हें देना अनिवार्य होगा। प्रगणक इस आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन करेंगे।

गोपनीय रहेगी समस्त जानकारी: उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान सही व पूर्ण जानकारी देना न केवल एक नागरिक दायित्व है, बल्कि कानूनी रूप से अनिवार्य भी है। उन्होंने आमजन को आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा साझा की गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त डेटा ही भविष्य की योजनाओं व नीतियों के निर्माण का आधार बनता है। अतः नागरिक स्व-गणना को प्राथमिकता दें व प्रगणकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

RELATED ARTICLES