Homeशिक्षाकॉलेज शिक्षा सत्र 2026-27: केकड़ी सहित सावर, टांटोटी व कादेड़ा महाविद्यालयों में...

कॉलेज शिक्षा सत्र 2026-27: केकड़ी सहित सावर, टांटोटी व कादेड़ा महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ, 15 मई तक कर सकेंगे आवेदन

केकड़ी, 05 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) के प्रवेश का कार्य प्रारंभ हो चुका है। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा विभाग जयपुर द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) किरोड़ी लाल मीणा ने प्रवेश कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 20 मई को अंतिम वरीयता सूची व प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 25 मई तक दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर ई-मित्र पर शुल्क जमा कराना होगा। प्रवेश की प्रथम सूची का प्रकाशन 27 मई को होगा व 29 मई को वर्ग निर्धारण व विषय आवंटन किया जाएगा।

बिना मार्कशीट व टीसी के भी हो सकेगा आवेदन: विज्ञान नोडल प्रभारी प्रो. (डॉ.) रजनी यादव ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। विद्यार्थी बिना मार्कशीट, टीसी व सीसी के भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 12वीं पास विद्यार्थी जैसे ही फॉर्म में अपना रोल नंबर व पिता का नाम दर्ज करेंगे, संबंधित बोर्ड का डेटाबेस स्वतः ही फॉर्म में उपलब्ध हो जाएगा। यूजी नोडल प्रभारी प्रो. (डॉ.) नीता चौहान के अनुसार केकड़ी के अलावा सावर, टांटोटी व कादेड़ा के राजकीय महाविद्यालयों में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रवेश प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

विद्यार्थियों को मिलेगा छात्रवृत्ति व अन्य गतिविधियों का लाभ: कला वर्ग प्रवेश प्रभारी प्रो. ज्योति मीणा ने बताया कि महाविद्यालय में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एनएसएस, स्काउट गाइड, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। साथ ही, पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी योजना, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति, सामाजिक न्याय छात्रवृत्ति व अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाता है।

RELATED ARTICLES