Homeक्राइम न्यूजफोटोग्राफी विवाद में मारपीट व लूट के बाद राजीनामे से पलटे आरोपी,...

फोटोग्राफी विवाद में मारपीट व लूट के बाद राजीनामे से पलटे आरोपी, पीड़ित पर करवाया जानलेवा हमला, जान से मारने की दी धमकी

केकड़ी, 08 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना क्षेत्र के ग्राम तसवारिया में एक विवाह समारोह के दौरान फोटोग्राफी के समय को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में पहले मारपीट व लूटपाट की घटना सामने आई और अब राजीनामे के प्रयासों के बीच प्रार्थी पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार बीती 30 अप्रैल को तसवारिया निवासी हीरालाल जाट के पुत्र शैतान का विवाह था। तसवारिया निवासी सियाराम कुमावत ने उक्त विवाह में फोटोग्राफी का काम ले रखा था। विवाह समारोह के दौरान फोटोग्राफी का समय समाप्त होने के बावजूद कार्य करने की बात पर विवाद हो गया।

डीजे में की तोड़फोड़: आरोप है कि मुकेश, महावीर, धनराज, सूरज, सुरेश, हीरा, सीताराम, मोहित सहित अन्य आरोपियों ने एकराय होकर फोटोग्राफर सियाराम कुमावत, उसके साथी व डीजे संचालक सलारी निवासी विनोद कुमावत व सुरेश कुमावत के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने डीजे की गाड़ी, लैपटॉप, जनरेटर व लाइटों में तोड़फोड़ की व फोटोग्राफर से कैमरा छीनकर लूट लिया। घटना के बाद ग्रामीणों व परिजनों के हस्तक्षेप पर 90 हजार रुपए हर्जाना देने व राजीनामा करने की बात तय हुई थी। प्रार्थी प्रधान कुमावत पुत्र बैजनाथ कुमावत निवासी तसवारिया का आरोप है कि राजीनामे की तय समय सीमा बीतने के बाद भी हर्जाना राशि का भुगतान नहीं किया तथा मांगने पर आरोपियों ने राजीनामा करने व हर्जाना राशि देने से साफ इंकार कर दिया।

केस दर्ज, जांच शुरू: प्रार्थी जब 7 मई को मालपुरा से अपने गांव लौट रहा था, तब मंडा व तितरिया के बीच दो बाइकों पर आए चार अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने लकड़ियों से प्रार्थी के सिर पर वार किया व उसे जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने यह भी कहा कि उन्हें मुकेश व धनराज ने राजीनामा न करने व हाथ-पैर तोड़ने के लिए भेजा है। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना केकड़ी शहर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार घटना में डीजे व अन्य उपकरणों में करीब 1.50 लाख रुपए व बाइक में 20 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है। मामले की जांच एएसआई मदन लाल को सौंपी गई है।

RELATED ARTICLES