केकड़ी, 14 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): एमएलडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एजुकेशन में अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस व नर्सेज सप्ताह 2026 का समापन समारोह गुरुवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, प्राचार्य सुनील साहू व उपस्थित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती तथा आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीसीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा मानव जीवन की सबसे महत्वपूर्ण सेवाओं में से एक है। नर्सिंग कर्मी मरीजों की देखभाल व स्वास्थ्य सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं और समाज को स्वस्थ बनाने में उनका योगदान अतुलनीय है।

अनुशासन व सेवा भावना के लिए किया प्रेरित: विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राजकीय चिकित्सालय के सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक गोपाल लाल वर्मा ने विद्यार्थियों को सेवा भावना व अनुशासन की प्रेरणा दी। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र बडोला ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। प्राइवेट नर्सिंग एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के अनुरूप स्वयं को दक्ष बनाने पर बल दिया।

नर्सिंग स्टाफ का किया बहुमान: अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस के उपलक्ष्य में संस्थान की ओर से एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न राजकीय चिकित्सालयों से पधारे 100 से अधिक नर्सिंग स्टाफ व कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHOs)का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज सदैव गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य सुनील साहू ने विद्यार्थियों को नर्सिंग सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।


