केकड़ी, 14 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के घटियाली ग्राम पंचायत स्थित रात्या गांव में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां घर के बाहर सो रही एक महिला के साथ अज्ञात बदमाश ने मारपीट कर कानों से सोने के टॉप्स लूट लिए। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन की ढिलाई को लेकर भारी रोष व्याप्त है। पीड़िता कमला देवी गुर्जर पत्नी लाला राम गुर्जर ने सावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच वह अपने घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश ने उन पर हमला कर दिया और कानों में पहने सोने के टॉप्स छीनकर फरार हो गया। लूटे गए टॉप्स का वजन करीब 6 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपए है।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग: लूटपाट के दौरान बदमाश ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके दोनों कानों में गंभीर चोटें आईं व अत्यधिक खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटियाली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी व आपराधिक वारदातों में भारी इजाफा हुआ है। क्षेत्र में आए दिन मोटर चोरी व मंदिरों में चोरियों की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने, नियमित गश्त बढ़ाने एवं बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।


