केकड़ी, 15 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के गोरधा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर सावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा जिले के हनुमाननगर थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी सतवीर सिंह मीणा (43) गोरधा गांव में अपने रिश्तेदार फोरूलाल मीणा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। दाह संस्कार की क्रिया पूरी होने के बाद वह पास ही स्थित तालाब में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि तालाब में पानी की गहराई करीब दस फीट थी, जिसके कारण वह गहरे पानी में समा गए।

कपड़े देख महिलाओं को हुआ शक: हादसे का पता तब चला जब तालाब के पास लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई महिलाओं की नजर किनारे पर पड़ी पैंट व बेल्ट पर गई। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए सावर थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार देर शाम शव को पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सावर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।


