Homeक्राइम न्यूजसड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत,...

सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत, अजमेर में तोड़ा दम, कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

केकड़ी, 16 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कादेड़ा मार्ग पर दो दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक बाइक सवार युवक की शनिवार सुबह अजमेर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने अजमेर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की व पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार काजीपुरा निवासी गोविंद महावर उर्फ बाबू (25) पुत्र रामलाल महावर गत 14 मई की रात करीब 9 बजे कादेड़ा से अपना काम निपटाकर बाइक द्वारा वापस केकड़ी लौट रहा था। इसी दौरान मार्ग में भैरूजी के स्थान के समीप सामने से आ रही एक कार के चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए गोविंद की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दो दिन लड़ी जिंदगी से जंग: हादसे में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तुरंत राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उसे अजमेर रेफर कर दिया। अजमेर के अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष करते हुए गोविंद ने 16 मई शनिवार की सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल छोटूराम अजमेर पहुंचे व कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने अजय कोली की रिपोर्ट पर लापरवाही से कार चलाने वाले चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की अनुसंधान प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डेढ़ साल पहले पत्नी ने भी की थी खुदकुशी: घटनाक्रम से जुड़ा एक दर्दनाक पहलू यह भी है कि मृतक गोविंद महावर की पत्नी दीपा ने गत 12 जनवरी 2025 की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दुखद बात यह थी कि मृत्यु के समय दीपा तीन माह की गर्भवती थी। पत्नी की मौत के डेढ़ साल बाद अब सड़क हादसे में गोविंद की मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है व काजीपुरा क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES