Homeशासन प्रशासनग्रामीण सेवा शिविर: एक ही छत के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों को मिला...

ग्रामीण सेवा शिविर: एक ही छत के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, 22 विभागों ने दी सेवाएं, अनेक मामलों का हुआ निस्तारण

केकड़ी, 22 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पंचायत मीणों का नयागांव में सोमवार को एक दिवसीय ग्रामीण सेवा शिविर 2026का आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई (शिविर प्रभारी), विकास अधिकारी संगीता व्यास, नायब तहसीलदार अर्पिता चौधरी व मुख्यमंत्री कार्यालय प्रतिनिधि अंतिमा कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों का मौके पर ही निपटारा किया गया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम जनता तक पहुंचाना व उन्हें एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाओं से लाभान्वित करना है। शिविर में कुल 22 सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर की मुख्य उपलब्धियां: इस दौरान 12 ग्रामीणों को पट्टों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाभार्थियों को मकान निर्माण की तीसरी किस्त हस्तांतरित की गई। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 7 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। इसके अलावा 2 पेंशन मामलों का सत्यापन, 1 दिव्यांगजन स्कूटी आवेदन व 17 जन आधार कार्डों में संशोधन का कार्य पूरा हुआ। प्रधानमंत्री जनधन खाता योजना के तहत 3 नए खाते खोले गए। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा शिविर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रमका आयोजन कर बालिकाओं का सम्मान किया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को 50 मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी व पशुपालकों के लिए 26 मंगला पशु बीमा पॉलिसी जारी की गई।

ये कार्य भी हुए: चिकित्सा विभाग की टीम ने 99 रोगियों व आयुर्वेद विभाग ने 31 रोगियों की निःशुल्क जांच कर उन्हें परामर्श व दवाइयां दी। राजस्व खातों के शुद्धिकरण के 2 मामले, आपसी सहमति व बंटवारे के 3 प्रकरण, प्रधानमंत्री किसान योजना के 5 नए पंजीकरण, नामांतरण प्रकरण तथा सीमा ज्ञान व पत्थरगढ़ी के 2 मामलों का निस्तारण किया गया। परिवहन विभाग द्वारा 9 लाभार्थियों के स्मार्ट कार्ड पंजीकरण सहित जाति व मूल निवास प्रमाण पत्र बनाने के कार्य भी हाथ के हाथ किए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी देवकरण बैरवा, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक रामप्रसाद मीणा, ग्राम विकास अधिकारी सुरजीत मीणा, कनिष्ठ सहायक दिलीप सिंह व राकेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES