केकड़ी, 17 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे अवैध डोडा पोस्त के सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी व परिवहन में प्रयुक्त की गई अल्टो कार को भी बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 3 अप्रैल 2026 को नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने लोहरवाड़ा सरहद पर स्थित समराथल होटल के संचालक रामेश्वर लाल उर्फ कैलाश विश्नोई निवासी रोटू थाना जायल जिला नागौर के कब्जे से 08.625 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर उसे गिरफ्तार किया था। इस संबंध में नसीराबाद सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा को सौंपा गया था।

वर्चुअल नंबरों से जुड़ा था जाल, तकनीकी जांच से दबोचा: गिरफ्तार होटल संचालक रामेश्वर लाल से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो सामने आया कि उसने यह डोडा पोस्त किसी अज्ञात सप्लायर से व्हाट्सएप के वर्चुअल नंबरों के जरिए बातचीत कर खरीदा था। होटल संचालक को सप्लायर के नाम-पते की सटीक जानकारी नहीं थी। इस पर पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों (साइबर सेल) की मदद ली व कड़ियों से कड़ी जोड़ते हुए सप्लायर का पता लगाया। जांच में सामने आया कि उदयगढ़ खेड़ा थाना भिनाय निवासी विकास सिंह रावत (22) पुत्र सोहन सिंह रावत ने ही होटल पर आकर डोडा पोस्त बेचा था। जब आरोपी विकास सिंह को होटल संचालक की गिरफ्तारी का पता चला, तो उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया।

घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार: सरवाड़ थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिरों व आसूचना तंत्र की मदद से जाल बिछाकर आरोपी सप्लायर विकास को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तस्करी में इस्तेमाल की गई अल्टो गाड़ी भी जब्त कर ली है। मामले में पुलिस द्वारा आगे का अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल ओमसिंह (विशेष योगदान), सुरेश कुमार व शुभकरण ने अहम भूमिका निभाई है।


