Homeशिक्षाएमएलडी इंटरनेशनल एकेडमी के समर कैंप में छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के...

एमएलडी इंटरनेशनल एकेडमी के समर कैंप में छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, शतरंज में जानी चेकमेट की बारीकियां

केकड़ी, 19 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्री लाल दुबे मेमोरियल संस्थान द्वारा संचालित एम.एल.डी. इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित समर कैंप सनशाइन हब 2026का चौथा दिन बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक व रोमांचक गतिविधियों से भरपूर रहा। प्रधानाचार्या संगीता कुमावत ने बताया कि शिविर में बच्चों के शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रशिक्षण व मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटी जोड़ी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। यह समर कैंप बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हो रहा है। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी की भूमिका रामराज कुम्हार व वर्षा खंगारोत ने निभाई।

यष्टि संचालनसे छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर: समर कैंप में विशेष रूप से छात्राओं को यष्टि संचालन(डंडा/स्टिक संचालन) के माध्यम से आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के गुर सिखाए गए। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मविश्वासी बनाना व आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को डंडे को सही तरीके से पकड़ना, वार से बचाव की तकनीक, शारीरिक संतुलन, त्वरित प्रतिक्रिया व बेसिक सेल्फ-डिफेंस मूव्स का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। यह गतिविधि बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास व सुरक्षा जागरूकता के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रही है।

केकड़ी: समर कैंप के दौरान शतरंज की बारीकियां सीखती छात्राएं।

शतरंज केवल खेल नहीं, योजना व धैर्य विकसित करने का माध्यम: कैंप के दौरान बच्चों को शतरंज (चेस) के महत्वपूर्ण नियम चेकमेटके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार राजा को बिना बचाव के घेरकर खेल जीता जाता है। बच्चों को चेकऔर चेकमेटके बीच का अंतर बताते हुए अभ्यास खेलों के माध्यम से इसकी तकनीकों का बारीकी से अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि सोचने, योजना बनाने व धैर्य विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है।

RELATED ARTICLES