केकड़ी, 22 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र के कणौंज ग्राम में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद सामूहिक भोज में दूषित भोजन करने से दो दर्जन से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। ग्राम में आयोजित रात्रि जागरण के बाद शुक्रवार सुबह सामूहिक भोज (लड्डू-बाटी) का कार्यक्रम था। भोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। भोजन करने के कुछ समय बाद ही ग्रामीणों को उल्टी व दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। तबीयत बिगड़ने पर बीमार लोगों को तुरंत जूनिया स्थित अस्पताल ले जाया गया।

स्थिति नियंत्रण में, उपचार जारी: गंभीर स्थिति को देखते हुए एक दर्जन से अधिक मरीजों को केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया है। अस्पताल लाए गए मरीजों में में बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग शामिल हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार बीमारों की स्थिति पर नजर रखे हुए है व सभी को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सामूहिक भोज का खाना खाने के बाद ही अचानक एक के बाद एक कई लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा था। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


