केकड़ी, 22 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिन्दू परिषद दुर्गावाहिनी चितौड़ प्रांत के सप्त दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के तहत शुक्रवार को केकड़ी नगर में दुर्गा स्वरूप सजी बालिकाओं द्वारा भव्य शक्ति यात्रा (संचलन) निकालकर शक्ति व शौर्य का प्रदर्शन किया गया। विहिप अजयमेरू जिला मंत्री गोविन्द शर्मा ने बताया कि यह विशाल शक्ति यात्रा नगर पालिका से प्रारंभ होकर घंटाघर व बस स्टैंड होते हुए पुनः नगर पालिका पहुंचकर संपन्न हुई। संचलन में राइफल वाहिनी, दण्ड वाहिनी, तलवार वाहिनी, पताका वाहिनी व घोष वाहिनी के माध्यम से राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश प्रदान किया गया।

संगठन शक्ति का दिया परिचय: यात्रा के दौरान भारत माता, दुर्गा माता, झांसी की रानी व अहिल्या बाई की जीवंत झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। पथ संचलन में 300 से अधिक बालिकाओं ने भाग लेकर राष्ट्रभक्ति, संस्कृति व संगठन शक्ति का परिचय दिया। शौर्य यात्रा में हीराचंद खूंटेटा, रमेश शास्त्री, रामावतार चौधरी, सीटू, मुकेश शर्मा, ज्ञानदेव शर्मा, विनीता जोशी, राजेन्द्र फतेहपुरिया, सरोज विजयवर्गीय, मदन चौधरी सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारत का इतिहास गौरवशाली: पथ संचलन से पूर्व आयोजित बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय ने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली व प्रेरणास्पद है। यहां की संस्कृति पुरातन, नित नूतन व सनातन है, जो संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करती आ रही है। इस सत्र में वर्ग अधिकारी प्रीति साहू मंचासीन रहीं व संचालन निधि शर्मा ने किया। इस सप्त दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का समापन सत्र शनिवार शाम 5:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजाराम उपस्थित रहेंगे।

नगर में हुआ भव्य स्वागत: अनुशासित ढंग से निकले इस संचलन का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। अजमेरी गेट पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता राजेंद्र विनायका, लक्ष्मण सिंह राठौड़, भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, रोहित जांगिड़, सुरेश सेन, सुरेंद्र जोशी, भेरूलाल साहू, कमल सांखला, दशरथ साहू, सुरेश साहू, राजेश मेहरचंदानी, संजय बेनीवाल, जगदीश माली, सांवरलाल चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


