केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): क्षेत्र में ग्रेनाइट रॉयल्टी ठेकेदार की मनमानी व अवैध वसूली के खिलाफ ट्रेलर मालिकों व चालकों का गुस्सा फूट पड़ा है। ठेकेदार के तानाशाही पूर्ण रवैये से नाराज होकर पीड़ित ट्रेलर मालिक व चालक बघेरा रोड चौराहे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए हैं। शुक्रवार को बघेरा में ग्रेनाइट ब्लॉक से भरे ट्रेलरों का चक्का जाम कर शुरू किया गया विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी अनवरत जारी है, लेकिन अभी तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या प्रशासनिक प्रतिनिधि ने आंदोलनकारियों की सुध नहीं ली है, जिससे चालकों व मालिकों में भारी आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नया टेंडर होने के बाद रॉयल्टी ठेकेदार ने शुक्रवार से ही क्षेत्र में रॉयल्टी कलेक्शन का काम शुरू किया था। काम शुरू होते ही ठेकेदार व उसके कारिंदों पर नियमों को ताक पर रखकर अवैध वसूली करने के आरोप लगने लगे है।

500 रुपए प्रति टन अवैध वसूली का गंभीर आरोप: धरना दे रहे ट्रेलर मालिकों व चालकों का सीधा आरोप है कि रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा ओवरलोड ग्रेनाइट के नाम पर प्रति टन 500 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। इस अवैध वसूली का विरोध करने पर चालकों को परेशान किया जा रहा है। वाहन स्वामियों का कहना है कि इस तरह की जबरन वसूली से उनका व्यापार पूरी तरह चौपट हो जाएगा। शुक्रवार को जब इसका विरोध शुरू हुआ, तो प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन शनिवार तक कोई समाधान नहीं निकलने पर मजबूरन सभी को बघेरा रोड चौराहे पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन मोर्चेबंदी करनी पड़ी। ट्रेलर चालकों के धरना प्रदर्शन के कारण करीब 125 से अधिक ट्रेलरों के पहिए थम गए हैं। वहीं करीब सौ से अधिक ग्रेनाइट खदानों में काम प्रभावित हो रहा है।

आंदोलनकारियों की मुख्य मांगें व चेतावनी: ट्रेलर मालिकों व चालकों की मांग है कि ठेकेदार द्वारा ओवरलोड के नाम पर की जा रही 500 रुपए प्रति टन की अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए। नियम विरुद्ध काम करने वाले ठेकेदार के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई हो। उनका कहना रहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर समस्या का समाधान नहीं करते, तब तक धरना व प्रदर्शन उग्र रूप से जारी रहेगा। गौरतलब है कि शुक्रवार से शुरू हुए इस बड़े विरोध प्रदर्शन को 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, मगर प्रशासनिक अधिकारियों व संबंधित विभाग के जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। चौराहे पर टेंट गाड़कर धरने पर बैठे ट्रेलर मालिकों का साफ कहना है कि वे किसी भी कीमत पर ठेकेदार की ओर से की जा रहीअवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
संबंधित समाचार पढ़िए…

