Homeक्राइम न्यूजजमीनी विवाद में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार,...

जमीनी विवाद में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो भी जब्त

केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के ग्राम रात्या में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग व जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों के सुपरविजन व थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद कर ली है। ग्राम रात्या निवासी रामप्रसाद गुर्जर (65) पुत्र चुन्नीलाल गुर्जर ने थाने में एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2012 में उन्हें ग्राम रात्या घटियाली में 8 बीघा जमीन अलॉट हुई थी। 21 मई 2026 को सुबह करीब 11:20 बजे इस जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से शिवराज मीणा, पर्वतराज मीणा, शिवराज गुर्जर, प्रताप मीणा व अन्य करीब 40-50 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे व खंभे गाड़ने लगे।

पुलिस टीम ने जुटाए साक्ष्य: जब पीड़ित व उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पर्वतराज मीणा ने जान से मारने की नीयत से रिवाल्वर से फायर कर दिया, जिससे गोली एक महिला की ठुड्डी (ठोड़ी) को छूते हुए निकल गई व वह अचेत हो गई। वहीं अन्य आरोपियों ने तलवार व कुल्हाड़ी से वार कर परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट (FSL) को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां से खाली कारतूस व खून आलूदा मिट्टी को साक्ष्य के रूप में जब्त किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस, बेहतर सामंजस्य व आसूचना संकलन के जरिए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

इन्हें किया गिरफ्तार: गवाहों के बयान और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन नामजद आरोपियों शिवराज मीणा (35) पुत्र दुर्गालाल मीणा निवासी रात्या (सावर), शिवराज गुर्जर (34) पुत्र हरजी गुर्जर निवासी जसवन्तपुरा (सावर) एवं राजकुमार उर्फ रामसिंह (22) पुत्र यादराम मीणा निवासी रूपारेल देवली (टोंक) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार उर्फ रामसिंह की निशादेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश व अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी राधेश्याम जाट, एएसआई किशनलाल, हैड कांस्टेबल भंवरलाल व हनुमान लाल एवं कांस्टेबल रामेश्वर गिरी, राकेश यादव व महेन्द्र मीणा ने अहम भूमिका निभाई है।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES