केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने एवं उनके करियर निर्माण को नई दिशा देने के उद्देश्य से JITO Jobs के तत्वावधान में नेशनल जॉब फेयर 3.0 का आयोजन शनिवार को उत्साहपूर्वक किया गया। देशभर के विभिन्न शहरों के साथ आयोजित हुए इस कार्यक्रम का केंद्र स्थानीय अरिहंत ऑफसेट, सापण्दा रोड (सुधासागर स्कूल के सामने) रहा। आयोजन के मुख्य अतिथि भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अग्रवाल समाज चौरासी ब्लॉक के सह-कोषाध्यक्ष मुकेश जैन उपस्थित रहे। इस विशेष जॉब फेयर में कुल 21 योग्यताधारी युवाओं ने ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन किया।

ऑनलाइन माध्यम से मिले अवसर: जीतो रिप्रेजेंटिव विनोद कुमार जैन ने बताया कि इस रोजगार मेले के माध्यम से JITO प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड देशभर की विभिन्न कंपनियों व संस्थानों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से युवाओं को रोजगार, करियर मार्गदर्शन एवं स्किल डेवलपमेंट के अवसर प्रदान किए गए। इसमें बी.टेक. (B.Tech), सीए (CA), एम.कॉम. (M.Com) व पीजीडीसीए (PGDCA) सहित विभिन्न क्षेत्रों के 21 प्रतिभाशाली युवा शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में जीतो के सदस्य दिलीप कुमार जैन, प्रकाश जैन, सुशील जैन, नवल जैन, महावीर जैन व कुणाल जैन सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।


